- धूमधाम से मनाया गया प्रकाश पर्व दिवाली
जौनपुर। जिले में दीपावली का पावन पूर्व गुरु वार को धूमधाम से मनाया गया। शाम ढलते ही लोगों ने अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों, दुकानों, कार्यालयों पर मां लक्ष्मी, भगवान गणेश की पूजा की और दीपों से रौशन किया। दीपों के इस त्योहार पर युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। शहर से ग्रामीणांचल तक हर इलाका रोशनी से नहाया हुआ था। लोगों ने अपने घरों को दुल्हन की तरह सजाया था। वहीं सुबह से ही लोगों ने मिठाइयों की जमकर खरीदारी की। बाजारों में पर्व को लेकर भारी भीड़ रही। ज्यादा भीड़ होने के कारण जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस भी पर्व को लेकर सतर्क नजर आई। पर्व को लेकर धनतेरस के पहले से ही रूट डायवर्जन किया गया था ताकि शहर के अंदर बड़े वाहनों, तीन पहिया वाहनों की इंट्री न होने पाए क्योंकि इनके वजह से लंबा जाम लग जाता है। शहर के अंदर त्योहारों के अवसर पर दुकानदार अपनी दुकानों को सजाए रहते हैं और ज्यादातर दुकानें सड़क पर लगती है जिसके चलते भीड़ बढ़ जाती है। फिलहाल लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया।
लोगों ने आतिशबाजी का भी खूब मजा लिया। बच्चे, महिलाओं व पुरूषों ने खूब पटाखे फोड़े। बच्चों ने खूब फुलझड़यिां जलाई। लोगों ने परिवार के साथ मिलकर खूब मस्ती की और त्योहार का लुत्फ उठाया। इसके साथ ही लोगों ने अपने रंग-बिरंगे फोटो भी सोशल मीडिया पर खूब अपलोड किए। इसके साथ युवाओं ने तरह-तरह के आकर्षक रिल्स भी बनाए और उसे वायरल किया। सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा शहर में चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए थे। दीपावली के अवसर पर जहां दुकानों पर दिनभर भीड़ का आलम रहा वहीं सूर्यास्त के साथ ही आतिशबाजियों ने हर ओर पूरा शोर करके रखा। इस बार जहां कई कंपनियों के बम पटाखों बाजार में बिकने के लिए आए हुए थे। आसमान में उड़ने वाले पैराशूट ने अपना अलग ही जलवा दिखाने का कार्य किया।
वहीं बालिकाओं, युवतियों और महिलाओं ने मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए अपने-अपने द्वार पर तरह-तरह की आकर्षक रंगोली बनाया जिससे दीपावली का पर्व और सुंदर हो गया। किसी ने रंगों से रंगोली बनाई तो किसी ने तरह-तरह के आकर्षक फूलों से रंगोली बनाई। मां लक्ष्मी के स्वागत में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ा गया। सभी लोगों ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से देश की खुशहाली, समृद्धि और सुख की प्रार्थना की।
Post a Comment