Jaunpur News : ​सामाजिक समरसता में बाबा साहेब का अहम योगदान

जौनपुर। जनपद में भारत रत्न डा. भीमराव अम्बेडकर की जयंती धूमधाम से मनायी गयी। राज्यमंत्री स्वतन्त्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र द्वारा अम्बेडकर तिराहे पर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में बाबा साहब के जीवन दर्शन, उनके नैतिक मूल्यों, आदर्शों, भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम तथा संविधान में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर से अम्बेडकर तिराहे तक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों की उपस्थिति में माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई। रैली में भारत माता के जयकारे, हमारा संविधान अमर रहे आदि के नारे लगाये गये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भू एवं राजस्व अजय अम्बष्ट, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।
इसी क्रम में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती पर 'हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान' के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में जिला प्रशासन के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी भू राजस्व सहित अन्य अधिकारीगणों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा भारत रत्न बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनक कुमारी इंटर कालेज की छात्रा आयुषी नंदन द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय बालिका इंटर कालेज की प्रीति यादव ने बाबा साहब पर आधारित कविता का पाठ किया। जिलाधिकारी ने सभी बच्चों को कॉपी, पेन पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم